तीखी कलम से

मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
जी हाँ मैं आयुध निर्माणी कानपुर रक्षा मंत्रालय में तकनीकी सेवार्थ कार्यरत हूँ| मूल रूप से मैं ग्राम पैकोलिया थाना, जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश का निवासी हूँ| मेरी पूजनीया माता जी श्रीमती शारदा त्रिपाठी और पूजनीय पिता जी श्री वेद मणि त्रिपाठी सरकारी प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं| उनका पूर्ण स्नेह व आशीर्वाद मुझे प्राप्त है|मेरे परिवार में साहित्य सृजन का कार्य पीढ़ियों से होता आ रहा है| बाबा जी स्वर्गीय श्री रामदास त्रिपाठी छंद, दोहा, कवित्त के श्रेष्ठ रचनाकार रहे हैं| ९० वर्ष की अवस्था में भी उन्होंने कई परिष्कृत रचनाएँ समाज को प्रदान की हैं| चाचा जी श्री योगेन्द्र मणि त्रिपाठी एक ख्यातिप्राप्त रचनाकार हैं| उनके छंद गीत मुक्तक व लेख में भावनाओं की अद्भुद अंतरंगता का बोध होता है| पिता जी भी एक शिक्षक होने के साथ साथ चर्चित रचनाकार हैं| माता जी को भी एक कवित्री के रूप में देखता आ रहा हूँ| पूरा परिवार हिन्दी साहित्य से जुड़ा हुआ है|इसी परिवार का एक छोटा सा पौधा हूँ| व्यंग, मुक्तक, छंद, गीत-ग़ज़ल व कहानियां लिखता हूँ| कुछ पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होता रहता हूँ| कवि सम्मेलन के अतिरिक्त काव्य व सहित्यिक मंचों पर अपने जीवन के खट्टे-मीठे अनुभवों को आप तक पहँचाने का प्रयास करता रहा हूँ| आपके स्नेह, प्यार का प्रबल आकांक्षी हूँ| विश्वास है आपका प्यार मुझे अवश्य मिलेगा| -नवीन

सोमवार, 18 जून 2018

यूँ दुपट्टा बहुत उड़ा कोई

2122 1212 22

यूँ    दुपट्टा    बहुत    उड़ा   कोई ।
जाने   कैसी   चली   हवा   कोई ।।

उम्र  भर  हुस्न  की सियासत से ।
बे   मुरव्वत   छला  गया   कोई ।।

याद उसकी  चुभा  गयी  नश्तर ।
दर्द   से   रात भर  जगा  कोई।।

ख़्वाहिशें इस क़दर थीं बेक़ाबू ।
फिर नज़र से उतर  गया  कोई  ।।

वो सँवर कर गली से निकला है ।
ढूँढ़ता   है  जो   हमनवा  कोई ।।

प्यार  पहला ज़रूर  था  उसका ।
मुद्दतों  बाद  तक   मिला  कोई ।।

इस  तरह  बेनक़ाब निकलें  मत ।
हो  रहा आप  पर  फ़िदा  कोई ।।

लोग   गिरने   पे   मुस्कुराते  हैं ।
रह  गयी अब  कहाँ  हया कोई ।।

टूटने   का    था  इंतज़ार   उन्हें ।
सांस  देकर   गयी   दुआ  कोई ।।

यूँ तसव्वुर  में डूबकर  शब  भर ।
नज़्म  में  आपको  लिखा  कोई ।।

हुस्न  पर  छा  रही  अना  तब से ।
जब  से  देखा  है आईना   कोई ।।

        ---नवीन मणि त्रिपाठी ।

कोई झोंका एक दिन उसका पता दे जाएगा

2121 2122 2122 212
वह हमें भी हिज़्र का इक सिलसिला दे जाएगा ।
आंसुओं के साथ थोड़ी  सी  जफ़ा  दे .जाएगा ।।

जिस शज़र को हमने सींचा था लहू की बूँद से ।
क्या खबर थी वो हमें ही फ़ासला दे जाएगा ।।

बेवफाई ,तुहमतें , इल्जाम कुछ शिकवे गिले ।
और उसके पास क्या है जो नया दे जाएगा ।।

क्या सितम वो कर गया मत बेवफा से पूछिए ।
वो बड़ी  ही  शान से  मेरी ख़ता दे जाएगा ।।

फुरसतों में जी रहा है आजकल आलिम यहाँ ।
माँगने  से पहले  ही वह  मशबरा  दे  जाएगा ।।

चोट खा के फिर सँभलना और ये जख़्मी जिग़र ।
कौन  जाने  इश्क़  कोई  फ़लसफ़ा  दे  जाएगा ।।

मुन्तज़िर है ये जमाना अब अदालत पर निगाह।
बे  गुनाहों  पर  खुदा  क्या  फ़ैसला  दे जाएगा ।।

आज़माना छोड़िये  कुछ तो भरोसा कीजिये ।
आदमी  वो  जिंदगी  का वास्ता  दे  जाएगा ।।

ये हवाएं आ  रहीं हैं बारहा खुशबू  के साथ । कोई झोंका एक  दिन उसका  पता दे जाएगा।।

यूँ ही  ठहरी  हैं  बहुत  मायूसियां इस दौर में ।
आपका  तो  मुस्कुराना  हौसला  दे  जाएगा ।।

           --नवीन मणि त्रिपाठी 
           मौलिक अप्रकाशित

मगर ये बेसबब रुस्वाइयाँ कुछ और कहतीं हैं

ये माना वक्त की मजबूरियां कुछ  और  कहती हैं।
मग़र ये बेसबब रूसवाइयाँ कुछ और कहती हैं।।

तुम्हारी हर तबस्सुम पे लिखी  है  एक ख़ामोशी ।
सिसकती रूह की तन्हाइयां कुछ और कहतीं हैं।।

यहां बारिश नहीं होगी  इसे  सच  मान लूँ कैसे ।
सबा के हुस्न की अँगड़ाइयां कुछ और कहती हैं ।।

दुआएं मांग लाया था खुदा से कुछ सुकूँ खातिर।
यहाँ तो ज़िंदगी की आँधियाँ कुछ  और कहतीं हैं।।

किसी दामन पे  लग  जाए न कोई  दाग़ उल्फ़त में ।
नज़र से हो रहीं गुस्ताख़ियां कुछ और कहतीं हैं।।

जरा कह देना दरिया से सँभल कर वस्ल तक आये ।
समंदर की दिखीं बेचैनियां कुछ और कहतीं हैं।।

गुज़र जाती मेरी इक शाम तेरी बज़्म में लेकिन।
रक़ीबों से मिली दुश्वारियां कुछ और कहतीं हैं।

निवाले गैर हाज़िर हैं यहां तो भूख का मंजर।
तुम्हारे शह्र की तो रोटियाँ कुछ और कहतीं हैं।।

निखारो मत उन्हें तनक़ीद कर अच्छी हिदायत से।
दिलों के बीच की ये खाइयाँ कुछ और कहतीं हैं।।

मनाकर दिल को मैं खामोश हो जाता यहां लेकिन।
अना के साथ ये रानाइयाँ कुछ और कहती हैं।।

जी रहे हम बेनमाज़ी जिंदगी

2122 2122 212
आँख   मुद्दत   से   चुराती   जिंदगी ।
लग  रही  थोड़ी  ख़फ़ा  सी जिंदगी ।।

तोड़ती   अक्सर   हमारी  ख्वाहिशें ।
हो  गयी  कितनी  सियासी  जिंदगी ।।

सिर्फ मतलब पर किया सज़दा उसे ।
जी   रहे   हम   बेनमाज़ी   जिंदगी ।।

रोटियों  के  फेर में  कुछ  इस  तरह ।
मुद्दतों  तक   तिलमिलाई   जिंदगी ।।

हम  जमीं  पर  पैर  पड़ते  रो  पड़े ।
दे  गयी   पहली  निशानी   जिंदगी।।

मुन्तज़िर  है मौत उसकी  याद  में ।
अब नहीं कुछ गुन गुनाती जिंदगी ।।

मैं उसे  पढता  रहा  हूँ   उम्र   भर ।
एक  अनसुलझी  कहानी  जिंदगी।।

कौन कितने दिन जिया है पूछ मत ।
ख़ास  ये   कैसी  गुजारी   जिंदगी ।।

ख्वाहिशें  बाकी रहीं  सबकी  यहाँ ।
साथ कब किसका निभाई जिंदगी ।।

देखिये   कीड़े  मकोड़ो   की   तरह ।
बस्तियों की  बिलबिलाती  जिंदगी ।।

दाँव  पर  बस  दाँव  लगते  जा  रहे ।
है   बड़ी  शातिर  जुआरी   जिंदगी ।।

फिर तबाही आंसुओं की देखना

2122 2122 212
छेड़ कर  उसकी कहानी देखना ।
फिर तबाही आंसुओं की देखना ।।

यूँ ग़ज़ल लिक्खी बहुत उनके लिए ।
लिख रहा हूँ अब रुबाई देखना ।।

अब नुमाइश बन्द कर दो हुस्न की ।
हैं कई  शातिर  शिकारी  देखना ।।

हिज्र ने  हंसकर कहा मुझसे यही ।
वस्ल  की  तुम  बेकरारी  देखना ।।

वह बहक जाएगा इतना मान लो ।
एक दिन  फिर  जग हँसाई देखना ।।

तिश्नगी झुक कर बुझा देती है वो ।
बा  अदब  होती  सुराही   देखना ।।

मांगता हूँ इश्क़ की पहली नज़र ।
तुम भी अपनी  मिह्रबानी  देखना ।।

छोड़ आया दिल तुम्हारी बज़्म में ।
याद  आऊं  तो  निशानी  देखना ।।

हुस्न पर ठहरी अना कहने लगी ।
अब  मेरी  जर्रा नवाज़ी   देखना ।।

इक इशारा प्यार का तो हो कभी ।
बाद में फिर इश्क़ बाज़ी  देखना ।।

मत करो उम्मीद कुछ तारीफ़ की ।
चाल उसकी अब  सियासी  देखना ।।

       नवीन मणि त्रिपाठी

लहज़ा बता रहा है कि दिल में खटास है

221 2121 1221 212
आया  सँवर  के  चाँद  चमन  में  उजास  है ।
बारिश  ख़ुशी की हो गयी भीगा  लिबास है ।।

कसिए न आप तंज यहां सच के नाम पर ।
लहजा बता रहा है कि दिल में खटास है ।।

मिलता  नशे  में  चूर  वो  कंगाल  आदमी ।
शायद खुदा गरीब का भरता गिलास है ।।

ये तितलियां बता रहीं हैं राज कुछ हुजूर ।
आई बहार गुल में छलकती मिठास है ।।

पीकर तमाम रिन्द मिले तिश्नगी के साथ ।
साकी तेरी  शराब  में  कुछ बात ख़ास है ।

हुस्नो  अदा  के  ताज पे चर्चा  बहुत रही ।
अक्सर तेरे रसूक  पे  लगता  कयास  है ।।

खुशबू  सी  आ  रही  है मेरे इस दयार  में ।
महबूब मेरा  आज  कहीं  आस  पास  है ।।

मक़तूल की सजा थी या कातिल का था गुनाह ।
कुछ तो  खता हुई  है जो मक़तल उदास है ।।

        -- नवीन मणि त्रिपाठी

क़ानून तेरे ज़ुल्म का मैं इक निशान हूँ

221 2121 1221 212
सब  कुछ  है मेरे  पास  मगर  बेजुबान  हूँ ।
क़ानून  तेरे  जुल्म  का  मैं इक  निशान हूँ ।।

क्यूँ  माँगते  समानता का हक़ यहां  जनाब ।
भारत  की  राजनीति  का मैं  संविधान  हूँ ।।

उनसे थी  कुछ उमीद मुख़ालिफ़  वही  मिले ।
जिनके लिए  मैं  वोट का ताजा  रुझान  हूँ ।।

कुनबे में आ चुका है यहाँ भुखमरी का दौर ।
क़ानून  की  निगाह  में   ऊंचा  मकान   हूँ ।।

गुंजाइशें  बढ़ीं   हैं  जमीं   पर   गिरेंगे  आप ।
जबसे   कहा  है  आपने  मैं  आसमान   हूँ ।।

सदियों  से  गन्ध  लोग  मिटाते  रहे  मेरी ।
जिनको खबर है देश का मैं ज़ाफरान हूँ ।।

हालात   पे  न  तंज अभी  कीजिये  हुजूर ।
मैं  मुश्किलों  के  दौर का तीरो कमान  हूँ ।।

सैलाब  आ  रहा है यहाँ ख़ामुशी  के  साथ ।
 मैं तो सितम की आंच  से उठता उफ़ान हूँ ।।

          --नवीन मणि त्रिपाठी